उत्तर प्रदेशचंदौली

घर से शौच को गया बालक 5 दिन से लापता, थाने की लापरवाही पर एसपी दरबार पहुंची पीड़ित मां

बबुरी थाना पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने और कार्रवाई न करने का आरोप, परिजनों ने पड़ोसियों पर जताई अनहोनी की आशंका

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां घर से शौच के लिए निकला एक बालक पिछले पांच दिनों से लापता है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार थाने का चक्कर लगाया, लेकिन पुलिस ने न तो गुमशुदगी दर्ज की और न ही किसी तरह की खोजबीन शुरू की। आखिरकार न्याय की उम्मीद में पीड़ित मां को पुलिस अधीक्षक के दरबार में गुहार लगानी पड़ी।

मामला सिकंदरपुर गांव का है। शुक्रवार को बिन्दू पाण्डेय पुत्री सुमन पाण्डेय एसपी दरबार पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके भाई रिंकू पाण्डेय 25 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे नदी किनारे शौच के लिए गए थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने उनके भाई के साथ मारपीट की। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई और वे नदी पर पहुंचे तो वहां रिंकू की मोटरसाइकिल मिली, लेकिन वह खुद गायब था।

पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने आरोपितों से भाई के बारे में पूछा तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद परिजन बबुरी थाने पहुंचे और प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी न तो रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए कोई ठोस कदम उठाया।

लगातार अनदेखी से आहत परिजन अब किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। एसपी से शिकायत के बाद पीड़ित परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। मामले ने एक बार फिर थाने स्तर पर लापरवाही और संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button