उत्तर प्रदेश

आँगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को सौंपा गया मांगों का ज्ञापन

28 फरवरी तक कार्रवाई नहीं हुई तो मार्च से पोषण ट्रैकर बंद, 8 मार्च को लखनऊ में बड़ा आंदोलन

लखनऊ/प्रदेश। आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की विभिन्न मांगों को लेकर आँगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। दिनांक 29 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में आँगनबाड़ी संगठनों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और माननीय मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

यह आंदोलन प्रान्तीय नेतृत्व अंजनी मौर्या, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश आँगनबाड़ी कर्मचारी एसोसिएशन की सहमति से आयोजित किया गया। धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित जिलाध्यक्षों ने की, जबकि संचालन जिला मंत्रियों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सरकार के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि संलग्न मांग-पत्रों पर 28 फरवरी 2026 तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो आँगनबाड़ी कार्यकर्ता मार्च माह से पोषण ट्रैकर ऐप पर ऑनलाइन कार्य पूर्णतः बंद कर देंगी।

इसके साथ ही मोर्चा ने घोषणा की कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में काम बंद–कलम बंद हड़ताल की जाएगी और 8 मार्च 2026 को लखनऊ विधानसभा के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन व आमरण अनशन किया जाएगा।

आँगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा ने साफ कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएँ और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button