वाराणसी में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, दरोगा और सिपाही रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
केस से नाम हटाने के बदले मांगी थी 20 हजार की घूस, विद्यापीठ चौकी पर ही ACB ने किया ट्रैप
वाराणसी से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 20 हजार रुपये की घूस लेते हुए दरोगा शिवकर मिश्रा और सिपाही गौरव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया दरोगा थाना सिगरा क्षेत्र के विद्यापीठ चौकी का चौकी इंचार्ज बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एक केस में नामजद युवक का नाम हटाने के बदले दरोगा और सिपाही ने रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि घूस न देने पर युवक को गिरफ्तारी की धमकी भी दी जा रही थी। पीड़ित की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया और विद्यापीठ चौकी परिसर में ही दोनों को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश गया है।



