सैदराजा मूर्ति विसर्जन बवाल: पूर्व विधायक सहित 04 नामजद, 60 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
कोर्ट आदेश की अवहेलना, प्रतिबंधित डीजे और विसर्जन मार्ग को लेकर पुलिस से झड़प, आधा दर्जन से अधिक धाराओं में एफआईआर
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के सैदराजा थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू समेत चार नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई सोमवार की देर रात पुलिस और आयोजकों के बीच हुई झड़प के बाद की गई।

पुलिस के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के दौरान आयोजकों ने बिना अनुमति कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित डीजे का इस्तेमाल किया और तय विसर्जन मार्ग के बजाय प्रतिबंधित रास्ते से जबरन जुलूस निकालने का प्रयास किया। इसी को लेकर पुलिस और आयोजकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका। इस दौरान डीजे संचालक शुभम गुप्ता, आशीष, दीपक मूर्ति वाले समेत कई लोग मौके पर मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, भीड़ में शामिल कई अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, इसलिए 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
मूर्ति विसर्जन संपन्न होने और पुलिस बल के मौके से हटने के बाद प्रभारी निरीक्षक द्वारा सैदराजा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 192, 351(2), 270 सहित आधा दर्जन से अधिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। इस कार्रवाई से पूजा समितियों और आयोजकों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



