सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस पड़ाव में जनभागीदारी थीम के साथ धूमधाम से मना 77वाँ गणतंत्र दिवस
देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रीय मूल्यों से सराबोर रहा विद्यालय परिसर, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियाँ

रिपोर्ट: गणपत राय
वाराणसी। सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स, बनारस पड़ाव कैंपस में 26 जनवरी 2026 को 77वाँ गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और जनभागीदारी की भावना के साथ मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘जनभागीदारी’ रही, जो माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित थी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ते हुए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर पूरी तरह तिरंगामय नजर आया। विभिन्न हाउसों के विद्यार्थियों ने अनुशासनबद्ध परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक श्री मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्री श्यामसुंदर बजाज, आयुष्मान बजाज, गौरांग बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, प्रबंधन सदस्य श्री आशीष सक्सेना एवं प्रधानाचार्य श्री बिनोद दास सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने राष्ट्रीय नायकों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में टोरेंस टीम द्वारा प्रस्तुत जैपुरियन बैंड की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों के देशभक्ति समूह नृत्य, कक्षा छह से बारह तक के छात्रों की ऊर्जावान प्रस्तुतियाँ तथा बेटी के साहस और आत्मबल पर आधारित नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों की प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण रही।
चेयरमैन श्री दीपक बजाज ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं प्रबंध निदेशक श्री मनोज बजाज ने भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक एकता पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य श्री बिनोद दास ने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सुश्री अनामिका सिंह ने किया।



