उत्तर प्रदेशचंदौली

जिला न्यायालय भवन शिलान्यास पर कांग्रेस जनों का माल्यार्पण, संघर्ष की जीत बताया

पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, अधिवक्ताओं के 28 वर्षों के आंदोलन का बताया परिणाम

रिपोर्ट: गणपत राय

चन्दौली। जिला न्यायालय भवन के शिलान्यास को लेकर कांग्रेस जनों ने विकास पुरुष पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और अधिवक्ताओं ने इसे जनपद के अधिवक्ताओं एवं जनपदवासियों के 28 वर्षों के लंबे संघर्ष की जीत बताया।

कांग्रेस नेता धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि पंडित कमलापति त्रिपाठी के आशीर्वाद से चन्दौली को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। उन्होंने बताया कि न्यायालय भवन के अभाव में वर्षों तक अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में उनकी प्रतिमा का अभिषेक कर प्रायश्चित कार्यक्रम भी किया था। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के विरोध में प्रतीकात्मक शवयात्रा तक निकाली गई।

तिवारी ने कहा कि इस पूरे आंदोलन में जिला कांग्रेस कमेटी ने अधिवक्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया। तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने न केवल समर्थन दिया, बल्कि स्वयं धरना-प्रदर्शनों में शामिल हुए और संबंधित अधिकारियों को पत्राचार भी किया। कांग्रेस के इस सहयोग के लिए डिस्ट्रिक्ट एवं सिविल बार एसोसिएशन ने आभार पत्र देकर धन्यवाद ज्ञापित किया।

वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ने कहा कि जिला न्यायालय भवन का शिलान्यास कोई राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि संवैधानिक दायित्व है। न्यायालयों की स्थापना किसी मंत्री, विधायक या राजनीतिक दल की कृपा से नहीं होती, बल्कि यह पूरी तरह न्यायपालिका के अधिकार क्षेत्र में आती है। उन्होंने कहा कि कार्यपालिका और न्यायपालिका को मिलाना संविधान की भावना के विरुद्ध है और न्यायालय नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है।

अधिवक्ता शशीनाथ उपाध्याय ने भी कहा कि इस शिलान्यास को राजनीतिक प्रचार का विषय बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रहार है। न्याय सत्ता से नहीं, संविधान से चलता है। यह शिलान्यास अधिवक्ताओं के वर्षों के संघर्ष और न्यायिक आवश्यकता की स्वीकृति का परिणाम है।

कार्यक्रम में डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, हीरालाल शर्मा, शशीनाथ उपाध्याय, राहुल सिंह भवानी, प्रदीप मिश्रा, शिवशंकर राय, राकेश सिंह, चंद्रवंश यादव, अभिषेक मिश्रा, करुणा तिवारी, अरविंद तिवारी, अखिलेश पांडेय, दशरथ चौहान, प्रज्ञा दीप पांडेय और अजीत गिरी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button