उत्तर प्रदेशचंदौली

लंबे आंदोलन के बाद चंदौली को मिली बड़ी सौगात, जिला न्यायालय भवन का शिलान्यास तय

28 वर्षों की लंबी लड़ाई के बाद बहुमंजिली, सर्वसुविधायुक्त इंटीग्रेटेड कोर्ट निर्माण की राह हुई प्रशस्त

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। जिले में प्रस्तावित जिला न्यायालय भवन के शिलान्यास को लेकर जनपदवासियों और अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं चंदौली कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह शिलान्यास जिले के अधिवक्ताओं, कांग्रेस जनों और आम जनता के वर्षों लंबे संघर्ष का परिणाम है।

धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि बीते 28 वर्षों से जिला न्यायालय भवन और उसके समुचित परिसर के अभाव में अधिवक्ताओं, वादकारियों और न्यायालय कर्मियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। न्यायालय भवन की मांग को लेकर जिले के अधिवक्ताओं ने लंबे समय तक आंदोलन, धरना-प्रदर्शन किए। इस दौरान पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में उनकी प्रतिमा का अभिषेक कर प्रायश्चित कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं जनप्रतिनिधियों की शव यात्रा निकालकर भी विरोध दर्ज कराया गया।

उन्होंने बताया कि इस संघर्ष में जिला कांग्रेस कमेटी ने कंधे से कंधा मिलाकर अधिवक्ताओं का साथ दिया। कांग्रेस के तत्कालीन प्रांतीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने न केवल आंदोलन को समर्थन दिया, बल्कि स्वयं धरना-प्रदर्शनों में शामिल होकर संबंधित अधिकारियों को पत्र भी लिखा। कांग्रेस के इस सहयोग के लिए डिस्ट्रिक्ट और सिविल बार एसोसिएशन ने धन्यवाद पत्र जारी कर आभार जताया।

धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि जिले में बहुमंजिली, सर्वसुविधायुक्त, वकीलों के चेंबर और पार्क सहित इंटीग्रेटेड कोर्ट का निर्माण अधिवक्ताओं और जनपदवासियों की संघर्षशील एकता की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विकास पुरुष पंडित कमलापति त्रिपाठी के नेतृत्व में चंदौली का विकास किया और आगे भी जिले के विकास के लिए सदैव सहयोग करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button