डीडीयू मंडल के नए वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त बने दिनेश सिंह तोमर, जेथिन बी. राज को दी गई विदाई
पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय में विदाई-सह-स्वागत समारोह आयोजित, बिलासपुर से स्थानांतरित होकर आए दिनेश सिंह तोमर ने संभाला पदभार
रिपोर्ट: गणपत राय
पूर्व मध्य रेल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के पद पर दिनेश सिंह तोमर ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने निवर्तमान वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त जेथिन बी. राज से कार्यभार संभाला। इस अवसर पर शनिवार को मंडल मुख्यालय में विदाई-सह-स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें डीडीयू मंडल के विभिन्न पोस्टों के प्रभारी निरीक्षक, अधिकारी और आरपीएफ जवान उपस्थित रहे।
दिनेश सिंह तोमर दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के पद पर कार्यरत थे, जहां से उनका स्थानांतरण डीडीयू मंडल किया गया है। वहीं, जेथिन बी. राज का स्थानांतरण नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे के लामडिंग मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के पद पर हुआ है। दोनों अधिकारियों के तबादले के आदेश 11 दिसंबर 2025 को रेलवे बोर्ड द्वारा जारी किए गए थे।
अपने कार्यशैली के लिए सख्त, अनुशासित और स्वच्छ छवि वाले अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले दिनेश सिंह तोमर से मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, जेथिन बी. राज को एक जिम्मेदार अधिकारी और अच्छे खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है।
समारोह के दौरान विभिन्न पोस्ट प्रभारियों ने जेथिन बी. राज के कार्यकाल के अनुभव साझा किए और नवपदस्थापित वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीडीयू जंक्शन पोस्ट प्रभारी निरीक्षक पीके रावत ने की।



