मौसम

कुहरे में दुर्घटना व चोरी रोकने के लिए सख्त पुलिसिंग, थाना प्रभारी करेंगे खुद गश्त

डायल 112 की गाड़ियां रहेंगी लगातार मूवमेंट में, सीओ करेंगे औचक निरीक्षण; लापरवाही पर होगी कार्रवाई – एसपी आदित्य लांग्हे

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। नए वर्ष में घने कोहरे के चलते होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने नई और सख्त पुलिसिंग व्यवस्था लागू की है। जनवरी माह में इन घटनाओं की अधिकता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गश्त और निगरानी को और मजबूत करने का फैसला लिया है।

नई व्यवस्था के तहत सभी थाना प्रभारी स्वयं रात्रि में सक्रिय रहकर क्षेत्र में गश्त करेंगे। थानों की सेकेंड मोबाइल को सुबह तक लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, डायल 112 की पीआरबी गाड़ियां अब एक स्थान पर खड़ी नहीं रहेंगी, बल्कि अपने निर्धारित लोकेशन के आसपास निरंतर पेट्रोलिंग करती रहेंगी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिसंबर माह में सड़क दुर्घटनाओं और चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि पूर्व के आंकड़ों के अनुसार जनवरी में यह घटनाएं और अधिक होती हैं। ऐसे में इस वर्ष इन पर नियंत्रण के लिए सभी थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय की गई है।

इसके साथ ही सभी सर्किल अधिकारियों (सीओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण करने और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के लिए थानों की सेकेंड मोबाइल में पहले ही जीपीएस सिस्टम लगाया जा चुका है, जिससे उनकी गतिविधियों की निगरानी की जा सके।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्पष्ट किया कि चोरी और दुर्घटनाओं को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button