उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा अलर्ट, मुंबई जाने वाले यात्री के बैग से कारतूस का खोखा बरामद

इंडिगो विमान से मुंबई जा रहे युवक के हैंड बैग में मिला कारतूस का खोखा, सीआईएसएफ ने रोका, पूछताछ के बाद छोड़ा गया

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने के लिए पहुंचे एक युवक के हैंड बैग से सुरक्षा जांच के दौरान कारतूस का खोखा बरामद हुआ। मामला सामने आते ही सीआईएसएफ ने तत्काल यात्री की यात्रा रद्द कर दी और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार बड़ागांव थाना क्षेत्र निवासी सुशील पांडेय इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6544 से मुंबई जाने वाले थे। सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों को उनके हैंड बैग में एक कारतूस का खोखा मिला। इसके बाद यात्री को रोककर फूलपुर थाना पुलिस को सूचित किया गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। पूछताछ के दौरान सुशील पांडेय ने बताया कि वह व्यवसाय के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं और कुछ दिनों के लिए अपने घर आए थे। उन्होंने दावा किया कि बैग में कारतूस का खोखा किसने रखा, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों को बुलाया। परिजनों द्वारा वैध शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत किए जाने के बाद पुलिस संतुष्ट हुई। जांच पूरी होने के बाद देर शाम यात्री को छोड़ दिया गया। हालांकि सुरक्षा कारणों से उसकी मुंबई की फ्लाइट रद्द कर दी गई।

एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस तरह की किसी भी संदिग्ध वस्तु को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाती है।

Related Articles

Back to top button