वाराणसी

नव वर्ष व विंटर वेकेशन को लेकर गोदौलिया चौराहे पर सघन पेट्रोलिंग, सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में चला विशेष सुरक्षा अभियान, 500 पुलिसकर्मी तीन जोन में तैनात

नव वर्ष और विंटर वेकेशन के मद्देनज़र वाराणसी में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में गोदौलिया चौराहे पर सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया।

मीडिया से बातचीत करते हुए अपर पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा ने बताया कि विंटर वेकेशन की शुरुआत के साथ ही काशी में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार इज़ाफा हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।

उन्होंने बताया कि ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इसके तहत वॉलिंटियर्स और ट्रैफिक मित्रों की तैनाती की गई है। करीब 500 पुलिसकर्मी और अधिकारी तीन जोन में तैनात किए गए हैं, जो ट्रैफिक प्रबंधन के साथ-साथ शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली भीड़ को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई है। इसके तहत नाविकों के साथ बैठक कर जल पुलिस के सहयोग से लोगों को जागरूक किया गया है कि बिना लाइफ जैकेट के जल यात्रा न करें। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई कर नोटिस जारी किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों को समय-समय पर नियंत्रित किया जाएगा। वहीं, डॉग स्क्वॉड की टीमें दशाश्वमेध घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर लगातार भ्रमण कर रही हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नव वर्ष और विंटर वेकेशन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button