IP मॉल, JDO शोरूम और डालिम्स स्कूल की पार्किंग बनी मुसीबत, नगर निगम ने भेजा सख्त नोटिस
सिगरा क्षेत्र में सड़क पर खड़े वाहनों से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, फोटो सबूत के साथ प्रतिष्ठानों को दी गई चेतावनी

वाराणसी |
शहर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बड़े प्रतिष्ठानों द्वारा पार्किंग नियमों की अनदेखी पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बाद नगर निगम ने सिगरा क्षेत्र स्थित आईपी मॉल, डालिम्स स्कूल और जूडीओ शोरूम को नोटिस जारी कर ग्राहकों और आगंतुकों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम द्वारा भेजे गए नोटिस में उन वाहनों की तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं, जो संबंधित प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क किनारे खड़े पाए गए। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि ये वाहन प्रतिष्ठानों में आने वाले लोगों के हैं, जबकि परिसर के भीतर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद वाहन सड़क पर खड़े किए गए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर निगम ने सवाल उठाया है कि जब अंदर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था मौजूद है, तो फिर वाहनों को सड़क पर क्यों खड़ा कराया जा रहा है। इससे न सिर्फ जाम की स्थिति बन रही है, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोटिस में तत्काल प्रभाव से वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़ा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं डालिम्स स्कूल को जारी नोटिस में स्कूल के बाहर मुख्य सड़क पर खड़ी बसों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। फोटो सबूत के साथ नगर निगम ने चेताया है कि सड़क पर खड़ी बसों से यातायात बाधित हो रहा है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। स्कूल प्रशासन को बसों को परिसर के भीतर या अधिकृत पार्किंग स्थल में ही खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में पार्किंग नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य बड़े प्रतिष्ठानों और संस्थानों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बहाल करना और आम जनता को राहत देना है।



