उत्तर प्रदेशचंदौली

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर चंदौली प्रेस क्लब ने आयोजित की गोष्ठी, पत्रकारों को किया गया सम्मानित

डीडीयू नगर में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों को सम्मानित किया गया, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता के महत्व और चुनौतियों पर रखे विचार

रिपोर्ट: गणपत राय 

डीडीयू नगर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब के तत्वावधान में नगर स्थित एक होटल में गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है, जिसमें पत्रकार समाज की कुरीतियों को उजागर करने के साथ-साथ शासन-प्रशासन की बातों को जनता तक और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में कई जनप्रतिनिधि रहे, लेकिन पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब की स्थापना अब तक नहीं हो सकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस दिशा में मुख्यमंत्री तक प्रयास करेंगे।

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि पत्रकार अपने संघर्षों के बल पर जनता और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं और उनकी आवाज को प्रभावी रूप से सामने लाते हैं।

वरिष्ठ पत्रकार यादवेश कुमार ने कहा कि आज की पत्रकारिता का स्वरूप बदल चुका है और यह जोखिम भरा कार्य हो गया है, लेकिन इसके बावजूद पत्रकार अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता डॉ. के.एन. पांडेय, सूर्य मुनि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में चंदौली प्रेस क्लब के संस्थापक संरक्षक संदीप कुमार, संस्थापक अध्यक्ष राम अवतार तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल यादव, जिला अध्यक्ष अमित द्विवेदी, महामंत्री चंचल यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कवि दमदार बनारसी ने किया।

Related Articles

Back to top button