पहली कैबिनेट बैठक में शुभेंदु सरकार के बड़े ऐलान, बंगाल में लागू होंगी केंद्र की योजनाएं
शहीद कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी उठाने, BSF को सीमा पर बाड़ के लिए जमीन देने और आयुष्मान भारत समेत कई केंद्रीय योजनाओं को पश्चिम बंगाल में लागू करने का फैसला

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद पहली शुभेंदु कैबिनेट बैठक में कई बड़े और अहम फैसले लिए गए। सरकार ने भाजपा के मृत कार्यकर्ताओं के परिवारों की जिम्मेदारी उठाने का ऐलान किया है। साथ ही भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए 450 किलोमीटर क्षेत्र में बाड़ लगाने हेतु BSF को 45 दिनों के भीतर जमीन सौंपने का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट में यह भी फैसला लिया गया कि पश्चिम बंगाल में अब आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री फसल योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना को लागू किया जाएगा।
इसके अलावा राज्य में तत्काल प्रभाव से भारतीय न्याय संहिता (BNS) लागू करने का निर्णय लिया गया। प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा फैसला लेते हुए बंगाल कैडर के IAS और IPS अधिकारियों को केंद्र में ट्रेनिंग के लिए भेजने की घोषणा की गई है। वहीं राज्य सरकार की नौकरियों में पांच साल के विस्तार को भी मंजूरी दी गई है।
पहली कैबिनेट बैठक के इन फैसलों के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और इसे बड़े प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।