बोरे की कमी से गेहूं खरीद ठप, धानापुर में किसान परेशान
आंधी से बिजली बाधित, समिति पर कई दिनों से डटे किसान; प्रशासन से जल्द व्यवस्था की मांग

रिपोर्ट: गणपत राय
धानापुर विकासखंड के बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति एवती पर गेहूं खरीद कई दिनों से बंद पड़ी है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति पर गेहूं लेकर पहुंचे किसान खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बोरे (गन्नी बैग) की कमी और बिजली बाधित होने के कारण प्रक्रिया ठप हो गई है।
किसान गुड्डू सिंह ने आरोप लगाया कि प्रभारी की अनुपस्थिति में भी अंगूठा लगवाकर खरीद दिखाने का काम किया जाता है। हालांकि केंद्र सचिव रविंद्र शर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी खरीदारी निर्धारित नियमों के तहत की जाती है और केवल वास्तविक किसानों का ही विवरण दर्ज होता है।
केंद्र सचिव के अनुसार, बीते दिनों आई आंधी-तूफान के चलते बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे मशीनों को चार्ज नहीं किया जा सका। इसके साथ ही बोरे की कमी ने समस्या को और बढ़ा दिया है।
समिति पर मौजूद संजय पांडे, शिवाजी सिंह और रजनी सिंह सहित कई किसानों ने बताया कि वे कई दिनों से गेहूं लेकर केंद्र पर डटे हुए हैं। कुछ किसानों का गेहूं खुले में पड़ा है, जिसे सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि कई किसान तौल के लिए बार-बार चक्कर लगा रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से जल्द बोरे की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और बिजली आपूर्ति बहाल कर खरीद प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में डिप्टी आरएमओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बोरे की कमी की समस्या को जल्द दूर कर लिया जाएगा और खरीद प्रक्रिया को सुचारु किया जाएगा।



