ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में निधौरा बनी चैंपियन, फाइनल में महराजगंज को 6 विकेट से हराया
सपा सरकार बनने पर चंदौली में मिनी स्टेडियम निर्माण का किया वादा, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट: अवधेश राय
चहनियां (चंदौली)। महराजगंज गांव में आयोजित 20 दिवसीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को निधौरा और महराजगंज की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में निधौरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महराजगंज को 6 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महराजगंज की टीम निर्धारित 10 ओवरों में 50 रन ही बना सकी। जवाब में निधौरा की टीम ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चंदन को मैन ऑफ द मैच तथा गौतम यादव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। विजेता और उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू रहे। उनके साथ डॉ. संजय यादव, राकेश यादव रौशन, रमेश यादव जेसीबी, पिंटू यादव और अखिलेश अग्रहरि ने खिलाड़ियों एवं आयोजक विजय यादव सोनू को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
अपने संबोधन में मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि फाइनल तक पहुंचना दोनों टीमों की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छोटे मैदान ही बड़े खिलाड़ियों की नर्सरी होते हैं और यहीं से खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो चंदौली जनपद में मिनी स्टेडियम के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम का संचालन अंशु यादव ने किया, जबकि अध्यक्षता एवं अतिथियों का स्वागत ग्राम प्रधान पति रमाकांत यादव ने किया। इस अवसर पर अभय यादव पीके, सुनील यादव, वकील यादव, अरविंद यादव, मुराहु यादव, बंटी माली, जितेंद्र यादव, सर्वजीत यादव, मुकेश साहनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



