उत्तर प्रदेशचंदौली

गांवों को विकास से जोड़ने की रफ्तार तेज, 65 लाख की सड़क का शिलान्यास

इमिलिया (बरडीहा) में विधायक सुशील सिंह ने किया पूजन, बोले- गांवों के विकास से ही देश की तरक्की संभव

रिपोर्ट: अवधेश राय 

कमालपुर। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के इमिलिया (बरडीहा) गांव में शनिवार को सड़क शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने विधिवत पूजन कर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

इस परियोजना के तहत आदर्श गांव बरडीहा से कपसियां संपर्क मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 65 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों, आम जनमानस और राहगीरों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रदेश और देश में विकास कार्यों को तेजी से जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के बिना देश की तरक्की संभव नहीं है, इसलिए सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने बताया कि गांवों में सड़क, बिजली, पानी जैसी सुविधाओं को तेजी से पहुंचाने का काम किया जा रहा है, ताकि विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

इस अवसर पर डॉ. हरेंद्र राय, मृत्युंजय सिंह (दीपू), भगवती तिवारी, इंद्रजीत बिंद, विपिन राय, पप्पू राजभर, शिव पूजन राम, विनीत राय, राकेश राय और त्रिलोकी यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयप्रकाश राय ने की, जबकि संचालन जयप्रकाश उपाध्याय ने किया।

Related Articles

Back to top button