उत्तर प्रदेशचंदौली

कमालपुर को मिली रोडवेज बस सेवा की सौगात, विधायक सुशील सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

महुजी से पड़ाव तक चलेगी सरकारी रोडवेज बस, व्यापारियों और आम यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ, लंबे समय से उठ रही थी मांग

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली जनपद के कमालपुर क्षेत्र के लोगों को अब आवागमन में बड़ी राहत मिलने जा रही है। सोमवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कमालपुर में सरकारी रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ करते हुए बस का पूजन किया, फीता काटा और हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। इस नई सेवा के शुरू होने से व्यापारियों, यात्रियों और आम जनमानस को वाराणसी तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

शुभारंभ के दौरान विधायक सुशील सिंह ने ब्लॉक प्रमुख धानापुर अजय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशील सिंह जनौली एवं अन्य सहयोगियों के साथ कमालपुर बस स्टैंड से पेट्रोल पंप तक बस यात्रा भी की।

बताया गया कि कमालपुर बाजार में सरकारी रोडवेज बस संचालन की मांग लंबे समय से समाजसेवी नीरज अग्रहरि, व्यापारियों और क्षेत्रीय ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। जनसमस्या को देखते हुए विधायक ने पहल कर इस सेवा को शुरू करवाया।

जानकारी के अनुसार यह रोडवेज बस प्रतिदिन महुजी से रवाना होकर एवती, कमालपुर, सकलडीहा और अलीनगर होते हुए पड़ाव तक जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

इस संबंध में एआरएम वी.के. श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल बस का रूट तय कर संचालन शुरू किया गया है, जबकि समय सारिणी जल्द निर्धारित की जाएगी ताकि यात्रियों को नियमित सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धानापुर अजय सिंह, पूर्व जिपंस सुशील सिंह जनौली समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button