एवती रामरूपदासपुर में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
बसंत पंचमी पर दौड़, लंबी-ऊंची कूद और अंतरजनपदीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, विजेता को 11 हजार नकद

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली। कमालपुर क्षेत्र के एवती रामरूपदासपुर में नवयुवक मंगल दल के तत्वावधान में बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार से तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन 23 जनवरी को बालक-बालिकाओं की दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद का आयोजन किया गया, जबकि 24 और 25 जनवरी को वॉलीबॉल प्रतियोगिता कराई जाएगी।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक क्षेत्रीय और अंतरजनपदीय टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें रामरूपदासपुर, जनौली, नोनार, जमानिया, सिसौड़ा, कमालपुर, धीना, गाजीपुर, धानापुर, ओदरा, चहनिया, डीएलडब्लू वाराणसी, मुगलसराय सहित अन्य टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता को देखने के लिए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
व्यवस्थापक अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष बसंत पंचमी पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 7 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आयोजन में स्थानीय गणमान्य लोगों और खेल प्रेमियों की सक्रिय सहभागिता रही।



