बिजनेस

1 जनवरी 2027 से नहीं बदलेगी चेकबुक! RBI ने नई चेक बुक को लेकर वायरल दावे को बताया फर्जी

31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा CTS चेकबुक बदलने का दावा भ्रामक, RBI ने सोशल मीडिया पर दी सफाई

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि 1 जनवरी 2027 से नए सुरक्षा फीचर्स वाली चेकबुक लागू की जाएंगी। केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) चेकबुक में किसी तरह का बदलाव घोषित नहीं किया गया है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे संदेशों में दावा किया जा रहा था कि 31 दिसंबर 2026 के बाद वर्तमान में इस्तेमाल हो रही CTS चेकबुक अमान्य हो जाएंगी और नए सुरक्षा मानकों वाली चेकबुक जारी की जाएंगी। RBI ने इन दावों को तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बताया है।

X पर RBI ने दी जानकारी 

केंद्रीय बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि उसके संज्ञान में ऐसे संदेश आए हैं, जिनमें मौजूदा CTS चेकबुक को बदलने और 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक लागू होने का दावा किया जा रहा है। RBI ने साफ किया कि ऐसा कोई बदलाव घोषित नहीं किया गया है।

बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी सलाह

RBI ने लोगों को सलाह दी है कि वे चेकबुक, बैंकिंग नियमों और अन्य वित्तीय सेवाओं से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले अपुष्ट संदेशों को बिना जांचे आगे साझा करने से बचें।

इस स्पष्टीकरण के बाद बैंक ग्राहकों को फिलहाल अपनी मौजूदा CTS चेकबुक बदलवाने की जरूरत नहीं है।

Back to top button