चर्चित खबरेंपटनाबिहार

चार लाख मेहमान, 150 पकवान और करोड़ों के तोहफे। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी होगी शाही और बेहद खास

रिपोर्ट:  बाकेबिहारी पाठक

पटना/मोकामा। बिहार के मोकामा से हमेशा चर्चाओं में रहने वाले जदयू विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर 2026 को होने वाली इस शादी को भव्य और यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समारोह में लाखों मेहमानों के शामिल होने से लेकर मनोरंजन के विशेष आयोजनों तक की व्यवस्था की गई है।

25 नवंबर को विवाह समारोह

जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह का विवाह पटना जिले के बिहटा स्थित कृष्णा नगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होगा। शादी समारोह बाढ़ स्थित अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में कई एकड़ में फैले भव्य पंडाल में आयोजित किया जाएगा तथा तिलक 20 नवंबर को सगुना, दानापुर में संपन्न होगा।

4 लाख मेहमानों के लिए भोज की तैयारी

शादी समारोह में करीब 4 लाख लोगों के लिए भोज की व्यवस्था की जा रही है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक प्रकार के देशी-विदेशी व्यंजन परोसे जाने की तैयारी है।

घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी महिंद्रा थार

समारोह में आकर्षण का केंद्र घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे विजेता को स्कूटी पुरस्कार के रूप में दी जाएगी।

पीएम मोदी से लेकर पाकिस्तान तक को न्योता

अनंत सिंह के मुताबिक, शादी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। खास बात यह है कि भारत के साथ विदेशों में भी निमंत्रण दिए जा रहे है। यहां तक की पाकिस्तान से भी मेहमान बुलाए जा रहे है।

सितारों को निमंत्रण

शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। इनमें सोनू सूद, मनोज तिवारी, पवन सिंह, अक्षरा सिंह और मैथिली ठाकुर समेत 36 से अधिक कलाकारों के नाम शामिल हैं।

दामाद को मिलेगा करोड़ों का तोहफा

इस शाही शादी की एक और चर्चा दामाद को मिलने वाले महंगे उपहार को लेकर है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने दामाद को करीब 3.5 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी भी उपहार में देंगे।

अनंत सिंह की बेटी की यह शादी अपने भव्य आयोजन, मेहमानों की लंबी सूची, शाही भोज और आकर्षक पुरस्कारों के चलते बिहार में सुर्खियां बटोर रही है।

Back to top button