अयोध्या दीपोत्सव-2026 में 14 झांकियों में दिखेगी पूरी रामायण, 3D मॉडल से जीवंत होंगे सातों कांड
साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक निकलेगी भव्य झांकी यात्रा, यूपी के सात सांस्कृतिक अंचलों के साथ 7 राज्यों के लोकनृत्य भी बनेंगे आकर्षण।

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को खास और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार दीपोत्सव में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दीपों की रोशनी के साथ भगवान श्रीराम की पूरी जीवन यात्रा देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक झांकी यात्रा में रामायण के सातों कांडों के प्रमुख प्रसंगों को 14 भव्य झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। खास बात यह है कि इन झांकियों में 3D मॉडल के जरिए रामकथा के दृश्यों को जीवंत रूप दिया जाएगा।
संस्कृति विभाग की ओर से तैयार की जा रही यह झांकी यात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क तक पहुंचेगी। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ उत्तर प्रदेश के सात सांस्कृतिक अंचलों और देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की झलक भी देखने को मिलेगी।
बालकांड से उत्तरकांड तक दिखेगी रामकथा
झांकी यात्रा की शुरुआत बालकांड से होगी। इसमें राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ, श्रीराम-लक्ष्मण के गुरु विश्वामित्र के साथ जाने, अहिल्या उद्धार, सीता स्वयंवर और श्रीराम-सीता विवाह जैसे प्रसंग प्रदर्शित किए जाएंगे। इस झांकी में अयोध्या का फरुवाही और उत्तराखंड का छोलिया लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र होगा।
अयोध्याकांड की झांकी में श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास, केवट द्वारा गंगा पार कराने, भरत मिलाप और श्रीराम की चरण पादुका को राजसिंहासन पर स्थापित करने के प्रसंग दिखाए जाएंगे। इसके साथ अवध का ढेढिया और मध्य प्रदेश का मटकी नृत्य प्रस्तुत होगा।
शबरी प्रसंग से लंका दहन तक दिखेगी भक्ति और वीरता
अरण्यकांड की झांकी में पंचवटी, स्वर्ण मृग, रावण द्वारा माता सीता का हरण, शबरी के आश्रम और जटायु-रावण युद्ध के दृश्य शामिल होंगे। इसके साथ पूर्वांचल का धोबिया और हरियाणा का घूमर नृत्य देखने को मिलेगा।
सुंदरकांड की झांकी में हनुमान जी की भक्ति और वीरता को दर्शाया जाएगा। इसमें समुद्र पार करना, माता सीता से भेंट, चूड़ामणि प्राप्त करना और लंका दहन जैसे प्रसंगों को 3D मॉडल से प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान सोनांचल का करमा और छत्तीसगढ़ का छाऊ नृत्य प्रस्तुत होगा।
राम-हनुमान मिलन और राम-रावण युद्ध होंगे आकर्षण
किष्किंधाकांड की झांकी में भगवान श्रीराम और हनुमान जी का प्रथम मिलन, सुग्रीव-बालि युद्ध और सुग्रीव के राज्याभिषेक जैसे प्रसंग दिखाए जाएंगे। इसके साथ बुंदेलखंड का राई और गुजरात का गरबा-डांडिया नृत्य होगा।
वहीं, लंकाकांड की झांकी में राम-रावण युद्ध, लक्ष्मण के लिए हनुमान जी द्वारा संजीवनी लाना, अंगद का रावण की सभा में पैर जमाना, लंका विजय और पुष्पक विमान से अयोध्या वापसी के दृश्य प्रदर्शित किए जाएंगे। इस झांकी के साथ ब्रज का मयूर और असम का बीहू नृत्य देखने को मिलेगा।
उत्तरकांड की झांकी में श्रीराम के राज्याभिषेक, रामदरबार, रामराज्य की स्थापना और भरत मिलाप के प्रसंगों को दिखाया जाएगा। इसके साथ पश्चिमांचल का गूजरी और राजस्थान का कालबेलिया लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
सात सांस्कृतिक अंचलों के लोकनृत्यों से सजेगा दीपोत्सव
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक, इस बार झांकी यात्रा में उत्तर प्रदेश के सात सांस्कृतिक अंचलों की लोककलाओं को विशेष स्थान दिया गया है। इनमें अयोध्या का फरुवाही, अवध का ढेढिया, पूर्वांचल का धोबिया, सोनांचल का करमा, बुंदेलखंड का राई, ब्रज का मयूर और पश्चिमांचल का गूजरी नृत्य शामिल है।
इसके अलावा उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, गुजरात, असम और राजस्थान के पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी होंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए देश की सांस्कृतिक विविधता, परंपराओं और लोककलाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपोत्सव-2026 में 14 भव्य झांकियों के जरिए रामायण के सातों कांडों का प्रदर्शन और देशभर के लोकनृत्यों का संगम रामनगरी के उत्सव को खास बनाएगा। दीपों की रोशनी के बीच निकलने वाली यह सांस्कृतिक यात्रा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बनने की उम्मीद है।


