सकलडीहा में पत्रकारों की बैठक, उत्पीड़न पर जताया आक्रोश; फर्जी मुकदमों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
पत्रकारों ने समस्याओं को लेकर क्षेत्राधिकारी से की मुलाकात, सीओ ने मामलों में विशेष ध्यान देने का दिया आश्वासन

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली/सकलडीहा। तहसील क्षेत्र के कैंप कार्यालय में गुरुवार को वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह राजपूत की अध्यक्षता में पत्रकारों की बैठक हुई। बैठक में पत्रकारों के साथ कथित अन्याय, उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों को लेकर नाराजगी जताई गई। पत्रकारों ने ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए अजय सिंह राजपूत ने कहा कि वाराणसी और चंदौली में पत्रकारों को निशाना बनाकर प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाने में पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी के मामले का भी उल्लेख किया गया, जिसके बाद विरोध के बीच संबंधित पुलिसकर्मी के निलंबन की बात कही गई।
पत्रकारों ने धानापुर के पत्रकार नवनीत सिंह से जुड़े मामले का भी मुद्दा उठाया। बैठक में बताया गया कि नवनीत सिंह पर जान से मारने की धमकी देने और जबरन जमीन कब्जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पत्रकारों का कहना है कि मामले में बिना पर्याप्त जांच के कार्रवाई की गई और नवनीत सिंह को कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इसी तरह सकलडीहा तहसील में कुछ माह पहले सामने आए कथित फर्जी रजिस्ट्री मामले का भी उल्लेख किया गया। पत्रकारों के अनुसार, मामला अखबारों में प्रकाशित होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। इसके बाद आरोपी के भाई की ओर से पत्रकार मुकेश कुमार मौर्य पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया, जिसे पत्रकारों के मुताबिक पुलिस जांच में असत्य पाया गया। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि फर्जी आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों को बढ़ावा मिल रहा है।
बैठक में पत्रकारों ने फर्जी आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामलों में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बैठक के बाद पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। सीओ ने आश्वासन दिया कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में विशेष ध्यान दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर विवेक चौरसिया, राजेश गुप्ता, मुकेश दुबे, हरवंश बिंद, चंद्रभान कुशवाहा, सुग्रीव कुमार, पिंटू यादव, संजय दिनकर, रामबहादुर, राहुल पाण्डेय समेत अन्य पत्रकार मौजूद रहे।



