उत्तर प्रदेशचंदौली

कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया शुभारंभ, चंदौली में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

रिपोर्ट: अवधेश राय 

चंदौली, 23 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने की पहल की गई है। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्त जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।

उत्तर प्रदेश सरकार ने योजना के लिए 384 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। आगामी पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि के साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।

कार्यक्रम में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित सहकारी-नेतृत्व वाला डिजिटल राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से चालक सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ सकते हैं। सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता रविप्रकाश सिंह, अपर जिला सहकारी अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, इफको प्रतिनिधि सहित बी-पैक्स के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव, सहकारिता से जुड़े किसान एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र किसानों को योजना से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की गई।

Related Articles

Back to top button