उत्तर प्रदेशचंदौली

43.24 लाख की लागत से दो सड़कों का शिलान्यास, विधायक रमेश जायसवाल ने जनता से कराया भूमिपूजन

जीवनाथपुर और परशुरामपुर में इंटरलॉकिंग सड़क व नाली निर्माण कार्य शुरू, स्थानीय लोगों ने विधायक की पहल की सराहना

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली/मुगलसराय। मुगलसराय विधानसभा के विधायक रमेश जायसवाल ने जनहित और क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को ₹43 लाख 24 हजार की लागत से बनने वाली दो विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कराया। खास बात यह रही कि विधायक ने स्वयं शिलान्यास करने के बजाय स्थानीय लोगों के हाथों भूमिपूजन कराकर जनता को सम्मान देने का संदेश दिया।

विकास खंड नियामताबाद की ग्राम सभा जीवनाथपुर में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत ₹36 लाख की लागत से रामकेर यादव के मकान से परमात्मा केसरी के मकान होते हुए रामानंद केसरी के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

वहीं, पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर-14 परशुरामपुर में मेन रोड से शर्मा प्रसाद (पार्वती भवन) तक ₹7.24 लाख की लागत से नाली एवं इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक रमेश जायसवाल की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार किसी विधायक ने स्वयं शिलान्यास करने के बजाय क्षेत्र की जनता से भूमिपूजन कराया है, जो क्षेत्रवासियों के सम्मान का प्रतीक है।

इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र के विकास की गति किसी भी स्थिति में रुकने नहीं दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप शासन स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में अनु पटेल, शीतल पटेल, जितेंद्र गुप्ता, मनीष केसरी, डॉ. परमात्मा केसरी, गोपाल पासवान, हर्षित शर्मा, गंगाराम गोंड, शर्मा प्रसाद, सुभाष कनौजिया, अशोक भारती, अर्जुन कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button