उत्तर प्रदेशचंदौली

शिक्षामित्रों ने ‘बलिदान दिवस’ पर दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र

नियमितीकरण, विभागीय टीईटी, मूल विद्यालय वापसी और 12 माह मानदेय समेत कई मांगों को लेकर अपर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन।

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के तत्वावधान में शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री विद्यालय में ‘बलिदान दिवस’ के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत यादव (अजीत) के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में वर्ष 2017 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अवसाद, आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारियों के कारण असमय निधन हुए जनपद के दो दर्जन से अधिक शिक्षामित्रों को मोमबत्ती और दीप प्रज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

श्रद्धांजलि सभा के बाद शिक्षामित्रों ने अपर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए अपनी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत यादव ने कहा कि शिक्षामित्र पिछले 26 वर्षों से प्राथमिक विद्यालयों में निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे हैं। सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने आभार जताया, लेकिन कहा कि कई महत्वपूर्ण समस्याएं अब भी लंबित हैं।

उन्होंने बताया कि 3 जनवरी 2025 के शासनादेश के बावजूद अधिकांश जिलों में मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, जिससे शिक्षामित्रों को प्रतिदिन 20 से 50 किलोमीटर तक सफर करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में शिक्षामित्रों ने टीईटी उत्तीर्ण एवं एनसीटीई मानकों को पूरा करने वाले शिक्षामित्रों के नियमितीकरण, विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित करने, सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने, 12 माह का पूर्ण मानदेय देने, दिवंगत शिक्षामित्रों के परिजनों को आर्थिक सहायता एवं रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्थानांतरण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।

कार्यक्रम का संचालन मनोज तिवारी ने किया। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button