उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़, तीन अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस ने पांच चोरी की बाइक, सात मोबाइल, तमंचा और कारतूस बरामद किए; आरोपी बिहार में बेचते थे चोरी के वाहन

रिपोर्ट: गणपत राय 

चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस को वाहन चोरी करने वाले गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस वीआईपी गेट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कुढेखुर्द स्थित तालाब के पास कुछ संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोटन पाल उर्फ विजय पाल, सचिन जायसवाल और ऋतिक जायसवाल निवासी वाराणसी के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर सहित आसपास के जिलों में रेलवे स्टेशन, बाजार, घाट, अस्पताल और भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को कुछ दिनों तक छिपाकर रखा जाता था और बाद में बिहार ले जाकर कम कीमत पर बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार दो आरोपियों पर पहले से हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button