अंतरराष्ट्रीय

वाराणसी जिला कारागार का निरीक्षण, बंदियों की समस्याएं सुन त्वरित समाधान

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की सचिव निकिता गौड़ ने लगाया विधिक जागरूकता शिविर, दिए जरूरी निर्देश

माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली के निर्देश पर सिविल जज (सी०डि०)/पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली श्रीमती निकिता गौड़ ने शनिवार को जिला कारागार वाराणसी का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान कारागार परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बंदियों ने हिस्सा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव निकिता गौड़ ने बंदियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने महिला एवं पुरुष बैरकों का जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

जेल अस्पताल का निरीक्षण करते हुए बंदियों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। इस दौरान चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी बंदी मरीजों को समय पर दवा और उपचार सुनिश्चित किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने जेल की पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। महिला बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई, साथ ही उनके साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा और देखभाल की स्थिति का भी आकलन किया गया।

शिविर के दौरान सचिव ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता के अधिकार के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें जागरूक किया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि जो बंदी कानूनी सहायता प्राप्त करना चाहते हैं, उनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें समय पर विधिक सहायता दी जा सके।

इस दौरान जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, जेलर सुरेश बहादुर सिंह, डिप्टी जेलर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button