सरकारी स्कूलों की बढ़ी गुणवत्ता, सुशील सिंह ने गिनाए फायदे
बरहनी ब्लॉक संसाधन केंद्र पर संगोष्ठी, शिक्षा स्तर सुधार और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली जिले के कमालपुर स्थित बरहनी ब्लॉक संसाधन केंद्र पर प्रबंध समिति अध्यक्षों, सचिवों एवं ग्राम प्रधानों की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बीईओ अजीत पाल और शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष यशवर्धन सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, बीईओ अजीत पाल और यशवर्धन सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
संगोष्ठी में परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विभिन्न शैक्षणिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विधायक सुशील सिंह ने कहा कि वर्तमान शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब इन विद्यालयों में कांवेंट स्कूलों की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे शिक्षा का स्तर और बेहतर हो सके।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष शिक्षक संघ यशवर्धन सिंह, जिला पंचायत सदस्य मृत्युंजय सिंह ‘दीपू’, डॉ. जयकुमार सिंह, अच्युतानंद त्रिपाठी, रामविलास यादव, अजय यादव, रामनगीना यादव, रमेश यादव, बलराम पाठक, दिनेश सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल सिंह ने की, जबकि संचालन आलोक कुमार सिंह ने किया।



