उत्तर प्रदेशचंदौली

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम का चंदौली कलेक्ट्रेट में औचक निरीक्षण, मिली गंभीर अनियमितताएं

जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने और सेवा सत्यापन में लापरवाही पर जताई नाराजगी, जिम्मेदार अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में शनिवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) न्यायालय, नजारत अनुभाग, अभिलेखागार और भूलेख अनुभाग सहित विभिन्न पटलों का गहन जायजा लिया। नजारत अनुभाग में पूर्व निर्देशों के बावजूद जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने और वर्ष 2024 के बाद कर्मचारियों की सेवा सत्यापन न होने की बात सामने आई।

इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने उप जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट (ओसी) से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। वहीं नजीर आशीष सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का भी आदेश दिया गया।

अभिलेखागार में निरीक्षण के दौरान भूलेख, नकल और नक्शा पटल पर भी अनियमितताएं पाई गईं। नक्शा और नकल जारी करने में देरी और प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी को लेकर मंडलायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवेदनकर्ता का नाम और मोबाइल नंबर रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा गया।

बस्ता सूची में प्रविष्टियों की कमी और भूलेख अनुभाग में वर्ष 2024 के बाद पासबुक सत्यापन न होने पर भी उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। मंडलायुक्त ने प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट को रोस्टर के अनुसार नियमित निरीक्षण करने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप जिलाधिकारी विजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर दिव्या ओझा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button