उत्तर प्रदेशचंदौली

पिता को स्टेशन छोड़कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

धानापुर के सुडिया गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलटी, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने तोड़ा दम

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गुरैनी ग्राम सभा निवासी रोशन यादव के रूप में हुई है, जो अपने पिता को जमानिया रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे रोशन यादव अपने पिता परमेंद्र यादव को ट्रेन पकड़वाने के बाद वापस गांव आ रहे थे। जैसे ही वह सुडिया गांव के समीप पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि रोशन के नाक और कान से तेज रक्तस्राव होने लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धानापुर ले जाने लगे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही रोशन ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। रोशन यादव अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे, और उनकी असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

रोशन अपने पीछे एक 4 वर्षीय पुत्र और महज 2 माह के नवजात को छोड़ गए हैं। पिता को सुरक्षित स्टेशन छोड़ने के बाद जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार परिवार कर रहा था, उसी की मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Related Articles

Back to top button