प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर शव खाई में फेंका, महिला मित्र समेत तीन पर हत्या का आरोप
चंदौली के धानापुर क्षेत्र का मामला, सुनियोजित साजिश के तहत मिर्जापुर के सिरसी डैम में ठिकाने लगाया गया शव, ड्राइवर की गवाही से खुला राज

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां एक प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को मिर्जापुर जिले के सिरसी डैम के पास गहरी खाई में फेंक दिया गया। इस मामले में मृतक की महिला मित्र, उसके पति और भांजे पर हत्या का गंभीर आरोप लगा है।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय कुंवर मौर्या के रूप में हुई है, जो धानापुर थाना क्षेत्र के लोकुआ गांव के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए पूरी योजना के तहत शव को ठिकाने लगाया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले कुंवर मौर्या की हत्या की और फिर उनके ही वाहन का इस्तेमाल करते हुए शव को सोनभद्र जिले के घोरावल क्षेत्र के नौगढवा गांव तक ले गए। इसके बाद वहां से मिर्जापुर के सिरसी डैम पहुंचकर शव को खाई में फेंक दिया गया।
घटना के बाद आरोपियों ने मृतक के ड्राइवर को धमकाकर चुप रहने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए पूरी घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी। इस खुलासे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के बड़े भाई घासी मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस और परिजनों की संयुक्त टीम ने खोजबीन करते हुए शुक्रवार को सिरसी डैम के पास खाई से शव बरामद कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।



