उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली की साक्षी पहुँची भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, रचा नया इतिहास

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान में प्रथम स्थान हासिल करने पर मिला एक्सपोजर विजिट का मौका, बेंगलुरु में अंतरिक्ष विज्ञान की ली जानकारी

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली जिले के चहनियां क्षेत्र की रहने वाली साक्षी प्रजापति ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय भगवानपुर की कक्षा 8 की छात्रा साक्षी ने राष्ट्रीय अविष्कार अभियान में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है।

इस शानदार सफलता के चलते साक्षी का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, बेंगलुरु में आयोजित एक्सपोजर विजिट के लिए हुआ। 24 मार्च को वह पहली बार हवाई यात्रा कर बेंगलुरु पहुँची, जहाँ उसने अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से जाना।

इस दौरान साक्षी ने जवाहरलाल नेहरू तारामंडल, विश्वेश्वरैया इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी म्यूजियम, फिश एक्वेरियम, बेंगलुरु पैलेस समेत कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया और विज्ञान की नई-नई जानकारियां हासिल कीं। इस यात्रा ने उसके ज्ञान और अनुभव को और समृद्ध किया।

साक्षी, भगवानपुर निवासी अशोक प्रजापति की पुत्री हैं। उन्होंने 12 फरवरी को चंदौली में आयोजित राष्ट्रीय अविष्कार अभियान में प्रथम स्थान हासिल किया था, जिसके बाद उन्हें यह विशेष अवसर मिला।

इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय की सहायक अध्यापिका अलीशा मौर्या का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग ने साक्षी को इस मुकाम तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा साक्षी ने इस वर्ष राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा भी उत्तीर्ण की है, जिसके तहत उन्हें चार वर्षों तक ₹1000 प्रतिमाह की छात्रवृत्ति मिलेगी।

साक्षी की यह सफलता यह दर्शाती है कि अगर लगन और मेहनत हो, तो छोटे से गाँव से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button