उत्तर प्रदेशचंदौली

चलती ट्रेन से गिरकर स्टाल कर्मचारी की मौत, चंदौली स्टेशन पर मचा कोहराम

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर हादसा, विक्रमशिला एक्सप्रेस में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन, 20 मिनट तक जिंदगी से जूझता रहा युवक

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बृहस्पतिवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर चलती ट्रेन से गिरकर एक स्टाल कर्मचारी की मौत हो गई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान काली महाल निवासी 24 वर्षीय दीपक गुप्ता के रूप में हुई है, जो स्टेशन पर स्थित एक खाद्य स्टाल में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, दीपक किसी काम से बाहर जाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर खड़ी विक्रमशिला एक्सप्रेस में सवार हुआ था। जैसे ही ट्रेन यार्ड की ओर बढ़ने लगी, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरते ही वह ट्रेन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेन गुजरने के बाद गार्ड की नजर जब युवक पर पड़ी, तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद दीपक करीब 20 से 25 मिनट तक जिंदगी से जूझता रहा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

जांच के दौरान युवक के पास मिले आईडी कार्ड से उसकी पहचान हुई। वह प्लेटफॉर्म संख्या 3/4 पर स्थित स्टाल संख्या-06 (मैसर्स कश्यप फूड इंटरप्राइजेज) में काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही काली महाल वार्ड के सभासद प्रतिनिधि नितिन गुप्ता भी परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अलीनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button