दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का आरोप, शव बोरे में भरकर नदी में फेंका
धानापुर के डबरिया गांव में सनसनी, मायके पक्ष का दावा—बीमारी बताकर छिपाई गई मौत की सच्चाई

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के डबरिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि 25 वर्षीय अंकिता ठाकुर की गला दबाकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जूट के बोरे में भरकर गंगा नदी में फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और गोताखोरों की मदद से नदी से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के परिजनों के अनुसार, अंकिता की शादी वर्ष 2022 में डबरिया गांव निवासी राजेंद्र शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी कारण उसकी हत्या की गई।
मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वालों ने पहले मौत की सूचना ‘टाइफाइड’ से होने की बात कहकर दी, लेकिन जब शव घर पर नहीं मिला तो संदेह गहरा गया। बाद में जानकारी मिली कि शव को ठिकाने लगाने के लिए नदी में फेंक दिया गया है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



