उत्तर प्रदेशचंदौली

एक परिवार, तीन मौतें.. चंदौली के इस मकान ने बढ़ाई दहशत

जायसवाल स्कूल के पास सनसनीखेज घटना, तीसरी मंजिल पर फिर मिला शव, इलाके में दहशत और मातम का माहौल

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में स्थित जायसवाल स्कूल के पास एक मकान में हुई लगातार घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बुधवार को इसी मकान में 45 वर्षीय गुड्डू गुप्ता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खास बात यह है कि इसी मकान की तीसरी मंजिल पर करीब दो साल पहले उनके बड़े भाई और बहन की भी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला मानसिक तनाव और पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस परिवार पर बीते कुछ वर्षों से लगातार दुखों का पहाड़ टूटता रहा है। लगभग दस साल पहले माता-पिता के निधन के बाद से परिवार आर्थिक और मानसिक चुनौतियों से जूझ रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक गुड्डू गुप्ता की पारिवारिक स्थिति भी ठीक नहीं थी और हाल ही में उनकी पत्नी मायके चली गई थीं, जिससे वे काफी परेशान थे।

इससे पहले मई 2024 में इसी मकान में उनके बड़े भाई कमलेश गुप्ता उर्फ राजू और बहन अंजू गुप्ता उर्फ गुड़िया की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की इस तरह हुई मौतों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button