उत्तर प्रदेशचंदौली

किसान दिवस पर डीएम का निर्देश, अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

7 दिन में समस्याओं के निस्तारण का आदेश, ई-केवाईसी और कृषि ऋण पर विशेष जोर

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने कहा कि किसान राष्ट्र की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर प्राप्त किसानों की समस्याओं का निस्तारण 7 कार्य दिवसों के भीतर किया जाए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लंबित ई-केवाईसी को जल्द पूरा कराने के लिए कृषि विभाग को शिविर लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी पात्र किसान की किस्त न रुके।

डीएम ने यह भी कहा कि किसानों को कृषि ऋण दिलाने में आ रही दिक्कतों को दूर किया जाए। यदि शिकायतों के समाधान में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप निदेशक कृषि भीमसेन ने पिछले माह की शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। वहीं, किसानों ने जंगली नीलगायों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया, जिस पर डीएम ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button