सम्राट अशोक जयंती पर एकजुटता का संदेश, बाबू सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान
अहिकौरा गांव में सम्राट अशोक जयंती समारोह, एकजुटता और अधिकारों पर दिया जोर

रिपोर्ट: अवधेश राय
कमालपुर/धानापुर। विकासखंड क्षेत्र के अहिकौरा गांव में सम्राट अशोक क्लब के तत्वावधान में बुधवार को देवनाप्रिय प्रियदर्शी सम्राट अशोक महान की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जन अधिकार पार्टी के संस्थापक व जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रगान के साथ किया।
इस दौरान बाबू सिंह कुशवाहा ने पिछड़े व अनुसूचित जाति समाज से एकजुट होकर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक को आज भी उनके न्यायपूर्ण शासन के लिए याद किया जाता है। बाबा साहब अंबेडकर के विचारों को लागू करने के लिए समान सोच वाले लोगों का सत्ता में पहुंचना जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि एडवोकेट हृदय लाल मौर्य ने कहा कि देश की पहचान सम्राट अशोक की विरासत से जुड़ी है, जिसे सहेजना आवश्यक है। उन्होंने समाज से अपने इतिहास को जानने और उसे आगे बढ़ाने की अपील की।
वहीं सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने वर्तमान राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में योगदान न देने वाले लोग राष्ट्रभक्ति का दावा कर रहे हैं। मुख्य वक्ता लौटन राम निषाद ने प्रदेश सरकार पर पिछड़े और दलित वर्ग के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. रामजन्म मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला पंचायत सदस्य गणेश भारतीय ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।



