धानापुर में खुला पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का कार्यालय, अब यहीं सुनेंगे जनता की समस्याएं
1 अप्रैल को होगा विधिवत उद्घाटन, हर बुधवार सुबह 9 से 11 बजे तक करेंगे जनसुनवाई

रिपोर्ट: अवधेश राय
धानापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अब धानापुर में भी जनता की समस्याएं सुनेंगे। इसके लिए अवही मार्ग पर उनके नए कार्यालय की स्थापना कर दी गई है और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर क्षेत्र की जनता को उनसे मिलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए धानापुर कस्बे में कार्यालय खोला जा रहा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने बताया कि हर बुधवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक वे स्वयं कार्यालय में मौजूद रहकर जनसुनवाई करेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। वहीं अन्य दिनों में कार्यालय प्रभारी लोगों की शिकायतों को दर्ज करेंगे, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।
बुधवार को मनोज सिंह डब्लू कार्यालय पहुंचे और जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कार्यालय प्रभारी सीताराम प्रजापति को माल्यार्पण कर दायित्व सौंपा। मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय खुलने से अब उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आसानी होगी।



