उत्तर प्रदेशचंदौली

कचहरी के बाहर दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर

सदर तहसील परिसर में बढ़ा वाहन चोरों का आतंक, पुलिस फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली के सदर तहसील और कचहरी परिसर के बाहर वाहन चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद बेखौफ चोर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मंगलवार दोपहर का है, जहां कचहरी के पूर्वी गेट के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मुस्तफापुर निवासी रफीक अहमद अपनी मोटरसाइकिल (UP67 U 6467) से किसी काम के सिलसिले में सदर तहसील पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक कचहरी के पूर्वी गेट के पास खड़ी की और एक अधिवक्ता से मिलने अंदर चले गए। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे, तो उनकी बाइक मौके से गायब थी।

पीड़ित ने आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने चंदौली कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक लेकर जाते हुए नजर आया।

फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वादकारियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और पार्किंग व्यवस्था को सुरक्षित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button