सकलडीहा सीओ स्नेहा तिवारी बनीं अपर पुलिस अधीक्षक, रैंक लगाकर किया गया सम्मान
एसपी आदित्य लाग्हे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने दी बधाई, निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने का भरोसा

रिपोर्ट: अवधेश राय
सकलडीहा क्षेत्र की सीओ स्नेहा तिवारी को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पद पर पदोन्नत किया गया है। शासन द्वारा पदोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने उन्हें रैंक प्रतीक चिन्ह लगाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मूल रूप से मिर्जापुर जिले के चुनार की निवासी स्नेहा तिवारी वर्ष 2012 बैच की पीपीएस अधिकारी हैं। उनकी पहली पोस्टिंग वर्ष 2014 में वाराणसी के सदर और दशाश्वमेध सर्किल में हुई थी। इसके बाद उन्होंने झांसी में अपनी सेवाएं दीं और फिर चंदौली में तैनाती मिली, जहां वह वर्तमान में सकलडीहा में डिप्टी एसपी के पद पर कार्यरत थीं।
पदोन्नति के बाद स्नेहा तिवारी ने कहा कि उन्हें जिस विश्वास और अपेक्षा के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाएंगी। उन्होंने गरीब, शोषित और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के साथ-साथ अपराधियों और अवांछनीय तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने पीड़ितों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहने का आश्वासन भी दिया।
उल्लेखनीय है कि स्नेहा तिवारी के पति मध्य प्रदेश के सिंगरौली में कार्यपालक मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत हैं।



