उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली की 243 ग्राम पंचायतें हुईं टीबी मुक्त, प्रदेश में पाया पहला स्थान

विश्व क्षय रोग दिवस पर डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने प्रधानों को किया सम्मानित, 100 दिवसीय सघन अभियान की शुरुआत

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद ने ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जिले की 734 ग्राम पंचायतों में से 243 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया।

इस उपलब्धि के तहत 6 ग्राम पंचायतों को ‘गोल्ड’, 45 को ‘सिल्वर’ और 192 को ‘ब्रॉन्ज’ श्रेणी में रखा गया। ‘गोल्ड’ और ‘सिल्वर’ श्रेणी के ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि ‘ब्रॉन्ज’ श्रेणी की पंचायतों को ब्लॉक स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान का भी शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत जनपद की लगभग 2.6 लाख उच्च जोखिम वाली आबादी की स्क्रीनिंग की जाएगी। संदिग्ध मरीजों की तुरंत एक्स-रे और NAAT मशीन से जांच की जाएगी तथा टीबी की पुष्टि होने पर मरीजों को निशुल्क उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

साथ ही मरीजों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए ‘पोषण पोटली’ का वितरण भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस सफलता का श्रेय कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स, आशा कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय भागीदारी और जनसहयोग से ही टीबी मुक्त समाज का सपना साकार हो सकता है।

Related Articles

Back to top button