उत्तर प्रदेशचंदौली

यूट्यूब से ‘मास्टरमाइंड’ बनकर छाप रहे थे जाली नोट, अलीनगर पुलिस का बड़ा खुलासा

चंदौली में मिनी टकसाल का भंडाफोड़, हाई-टेक मशीनों से तैयार हो रहे थे नकली नोट; एक आरोपी गिरफ्तार, दो बाल अपचारी अभिरक्षा में

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने एक बड़े जाली नोट गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह यूट्यूब और गूगल के वीडियो देखकर तकनीक सीखकर नकली नोट छापने का धंधा चला रहा था।

मुखबिर की सूचना पर सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह और सीओ सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मानस नगर क्षेत्र में आलमपुर अंडरपास के पास एक मकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान कमरे के अंदर हाई-टेक मशीनों के जरिए जाली नोट छापते हुए आरोपी पकड़ा गया।

पुलिस ने मौके से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने जाली नोट छापने की तकनीक यूट्यूब और गूगल के वीडियो देखकर सीखी थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 100 रुपये के 55 तैयार जाली नोट और 442 अधूरे जाली नोट बरामद किए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, हाई-क्वालिटी प्रिंटर, लैमिनेटर मशीन, वाटरमार्क पेपर और लाइट बॉक्स जैसे अत्याधुनिक उपकरण भी मौके से मिले हैं।

फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button