उत्तर प्रदेशचंदौली

पीपा पुल पर तेज रफ्तार कार फंसी, गंगा में गिरने से बाल-बाल बचे चार युवक

चंदौली के टांडा कला गंगा घाट पर बड़ा हादसा टला, 100 किमी/घंटा रफ्तार से अनियंत्रित हुई कार रेलिंग में उलझी; ग्रामीणों ने बचाई जान

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद के चहनिया ब्लॉक अंतर्गत टांडा कला गंगा घाट पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मारूफपुर से वाराणसी जा रही तेज रफ्तार कार पीपा पुल की रेलिंग और लोहे के तारों में फंस गई, जिससे कार सवार चार युवक गंगा में गिरने से बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटा थी। जैसे ही कार पीपा पुल पर चढ़ी, चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी जोरदार टक्कर के साथ रेलिंग में जा फंसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुल पर बिछी लोहे की चादरों के नट-बोल्ट उखड़ गए और सुरक्षा के लिए लगी बल्लियां टूट गईं। हादसे के दौरान पुल की एक लोहे की चादर गंगा नदी में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान एक लोहे की पटरी कार की तेल टंकी में धंस गई, जिससे टंकी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार के रेलिंग में फंसने के कारण पीपा पुल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर साहस का परिचय देते हुए कार को धक्का देकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। बाद में वाहन मालिक ने ट्रैक्टर की मदद से कार को टोचन कर मारूफपुर वापस भिजवाया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि पीपा पुल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी प्रभुपुर क्षेत्र में एक गाड़ी रेलिंग तोड़कर गंगा में गिर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

लोगों ने मांग की है कि पुल पर गति सीमा तय की जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button