धानापुर के नेगुरा गांव में 80 लाख से बने मिनी स्टेडियम का उद्घाटन, विधायक सुशील सिंह ने किया लोकार्पण
मनरेगा के तहत तैयार जनपद का पहला मिनी स्टेडियम, खेल प्रतियोगिताओं के साथ हुआ भव्य आयोजन

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली के धानापुर विकास खंड अंतर्गत नेगुरा गांव में शनिवार को मिनी स्टेडियम का भव्य उद्घाटन किया गया। सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका लोकार्पण किया।
यह मिनी स्टेडियम मनरेगा योजना के तहत लगभग 80 लाख रुपये की लागत से 110×102 वर्गमीटर क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसे जनपद का पहला मिनी स्टेडियम बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कबड्डी और विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें 200 मीटर (बालिका वर्ग), 400 मीटर (बालक वर्ग) और 100 मीटर दौड़ शामिल रहीं।
इस मौके पर महेंद्र नाथ पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने फोन के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया और विकास कार्यों के लिए ब्लॉक प्रमुख की सराहना की।
विधायक सुशील सिंह ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। वहीं ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने कहा कि भविष्य में हर न्याय पंचायत में मिनी स्टेडियम बनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।



