पंचम पुण्यतिथि पर भव्य भण्डारे का आयोजन, तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम शुरू

रिपोर्ट: गणपत राय
चन्दौली। जिले के सैय्यदराजा स्थित मरूई कुटी में परम पूज्य गुरुदेव भगवान श्री श्री 1008 श्री राम कमल दास शास्त्री जी महाराज (साकेतवासी) की पंचम पुण्यतिथि के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन का कार्यक्रम तय किया गया है। श्री सीता राम जी महाराज की कृपा से आयोजित इस कार्यक्रम में भावभीनी पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन श्री रामजानकी मंदिर परिसर, श्रीरामानन्दीय वैष्णव आश्रम मरूई कुटी में 31 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्मा, महंत, श्रद्धालु और भक्तगण शामिल होंगे।
कार्यक्रम के तहत 31 मार्च (मंगलवार) को सम्पूर्ण रामचरितमानस पाठ किया जाएगा। इसके बाद 1 अप्रैल (बुधवार) को अखण्ड राम नाम संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन रहेंगे।
मुख्य आयोजन 2 अप्रैल (गुरुवार) को होगा। इस दिन सुबह 11 बजे गुरुदेव को भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से भव्य भण्डारे की शुरुआत होगी, जो श्रद्धालुओं के आगमन तक जारी रहेगा।
आयोजन समिति की ओर से बताया गया है कि इस अवसर पर संत समाज, महंतगण, शिष्यगण और क्षेत्र के गणमान्य लोग अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। सभी श्रद्धालुओं एवं भक्तों को सादर आमंत्रित किया गया है कि वे इस पुण्य अवसर पर शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करें और गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त करें।



