उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में निर्माणाधीन ROB का स्लैब गिरा, भ्रष्टाचार के आरोपों ने पकड़ा तूल

रात में ढलाई, मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल; पूर्व विधायक ने बताया “कमीशनखोरी का पुल”

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का स्लैब गिरने की घटना ने विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला मुख्यालय के पास बनौली खुर्द में देर रात हुए इस हादसे को स्थानीय लोग केवल तकनीकी चूक नहीं, बल्कि सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार का नतीजा बता रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, पुल की ढलाई रात के अंधेरे में की जा रही थी ताकि घटिया सामग्री और अनियमितताओं को छिपाया जा सके। आरोप है कि इतने संवेदनशील कार्य के दौरान मौके पर कोई तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद नहीं था, जिससे ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

हादसे में घायल मजदूर को तत्काल जिले से बाहर भेजे जाने और कार्यदायी संस्था के मौके से गायब होने को लेकर भी लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब कुछ किसी बड़ी लापरवाही या साजिश की ओर इशारा करता है।

मामले पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “कमीशनखोरी का पुल” करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि यह पुल निर्माण के बाद गिरता, तो सैकड़ों लोगों की जान जा सकती थी, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो जाता।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब यह परियोजना व्यस्त रेल मार्ग मुगलसराय-हावड़ा-गया रूट के पास चल रही है। एक साल से अधिक समय से जारी निर्माण कार्य के बावजूद अधिकारियों की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा। स्थानीय लोग उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button