उत्तर प्रदेशचंदौली

ओवरलोड ट्रकों पर बड़ी कार्रवाई, एआरटीओ टीम सड़कों पर उतरी, मचा हड़कंप

कारखास की गिरफ्तारी के बाद सख्ती, एक दर्जन ट्रक सीज, 20 से ज्यादा वाहनों का चालान

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में एआरटीओ विभाग पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अब सख्ती साफ दिखाई दे रही है। ओवरलोड ट्रकों से अवैध वसूली के मामले में एआरटीओ के कारखास की गिरफ्तारी के बाद पूरे जोन में परिवहन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

वाराणसी जोन के आरटीओ के निर्देश पर बुधवार को कई जिलों के एआरटीओ अधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाया। मंडी के पास अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से ट्रक मालिकों और चालकों में हड़कंप मच गया।

अधिकारियों ने अभियान के दौरान करीब एक दर्जन ओवरलोड ट्रकों को सीज किया, वहीं 20 से अधिक वाहनों का चालान भी किया गया। खास बात यह रही कि इस बार किसी भी तरह की पैरवी नहीं सुनी गई और कार्रवाई पूरी सख्ती के साथ की गई।

बताया जा रहा है कि जिले में लंबे समय से ओवरलोड का खेल चल रहा था और कार्रवाई की जानकारी पहले ही बिचौलियों तक पहुंच जाती थी। इसके चलते ट्रक चालक पहले ही सतर्क हो जाते थे, लेकिन इस बार बिना किसी पूर्व सूचना के अभियान चलाया गया।

मामले ने तूल तब पकड़ा जब एक ट्रक मालिक ने पूरे प्रकरण की शिकायत उच्च अधिकारियों से की और साक्ष्य भी पेश किए। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एआरटीओ के कारखास को गिरफ्तार किया, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

जांच की आंच बढ़ने के बाद अब विभाग अपनी छवि सुधारने में जुट गया है। आरटीओ वाराणसी मनोज वर्मा ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद जहां ट्रांसपोर्ट कारोबार में हलचल है, वहीं विभाग अब अपनी साख बचाने की कोशिश में नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button