समानता के अधिकार को लेकर चंदौली में प्रदर्शन, यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन लागू करने की मांग
विभिन्न संगठनों का ‘समता अधिकार मार्च’, जातिगत व लैंगिक भेदभाव खत्म करने की उठी आवाज

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिला मुख्यालय पर मंगलवार को विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में बढ़ते जातिगत और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया फोरम फॉर इक्विटी के बैनर तले निकाले गए ‘समता अधिकार मार्च’ में बड़ी संख्या में छात्र, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह मार्च बिछिया स्थित धरना स्थल से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और यूजीसी के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
वक्ताओं ने कहा कि कैंपसों में छात्रों के साथ हो रहे उत्पीड़न को रोकने के लिए ‘यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन’ को जल्द लागू किया जाना चाहिए। साथ ही इस पर लगी अस्थायी रोक हटाने की भी मांग उठाई गई।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी समर्थन देते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों में समानता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



