उत्तर प्रदेशचंदौली

परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा का आगाज, 1.90 लाख छात्र-छात्राएं दे रहे इम्तिहान

दो पालियों में हो रही परीक्षा, नकलविहीन आयोजन के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद में परिषदीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाओं का सोमवार, 16 मार्च से विधिवत शुभारंभ हो गया। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार जिले के नौ ब्लॉकों में संचालित कुल 1,194 विद्यालयों के करीब 1 लाख 90 हजार छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

परीक्षा के पहले दिन प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 5) में विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा कराई गई, जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 6 से 8) के छात्रों के लिए बेसिक क्राफ्ट, कला, कृषि और खेल जैसे विषयों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई।

परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न कराई जा रही हैं। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक निर्धारित की गई है।

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले के 1,188 से अधिक परिषदीय विद्यालयों में डेढ़ लाख से अधिक छात्र पंजीकृत हैं, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों को मिलाकर यह संख्या करीब 1.90 लाख तक पहुंच गई है। शहाबगंज ब्लॉक के 141 विद्यालयों में अकेले 17,580 छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि सभी विद्यालयों में प्रश्नपत्र समय से उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद मूल्यांकन कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि 30 मार्च तक परिणाम घोषित कर विद्यार्थियों को रिपोर्ट कार्ड वितरित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button